नई दिल्ली । भारतीय प्रबंधन संस्थान सहित देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के लिए साझा प्रवेश परीक्षा (कैट) का आयोजन 26 नवंबर को देश के करीब 155 शहरों में तीन अलग अलग सत्र में आयोजित होगा। इस वर्ष साझा प्रवेश परीक्षा (कैट) का आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ कर रहा है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, कैट 2023 के लिए पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2023 है तथा आवेदकों से इस तिथि से पहले आवेदन करने का आग्रह किया जाता है। इसमें कहा गया है कि कैट का आयोजन 26 नवंबर को देश के करीब 155 शहरों में तीन अलग अलग सत्र में होगा। यह परीक्षा कम्प्यूटर आधारित (सीबीटी) होगी। इस परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 25 अक्टूबर से 26 नवंबर के बीच डाउनलोड किये जा सकेंगे। परीक्षा परिणाम जनवरी 2024 के दूसरे सप्ताह में घोषित किया जाना संभावित है।