जुबली पार्क मल्टी लेबल पार्किंग में व्यापार न करने वाले ढकेल वालों की आई आफत , 89 आवंटन निरस्त

मथुरा। महानगर के डैंपियर नगर क्षेत्र स्थित नव निर्मित जुबली पार्क मल्टी पार्किंग में सब्जी, फल विक्रेताओं के लिये बनाये गये फड़ों पर विक्रेताओं द्वारा बिक्री चालू न करने पर नगर निगम ने आवंटन किये फड़ों में से लगभग 80 प्रतिशत फड़ों का आवंटन निरस्त कर उनकी जमा राशि को जब्त कर लिया है।
शहरी क्षेत्र के मुख्य बाजारों में सड़क किनारे खडी होने वाली सब्जी, फल की ढकेल वालों के लिये नियत स्थान की मांग वर्षों से उठ रही थी। इस मांग को पूरा करने के लिए शासन ने एम वी डी ए द्वारा जुबली पार्क में मल्टीलेबिल पार्किंग का निर्माण कराया जिसके प्रथम तल में सब्जी, फल विक्रेताओं के फड़ बनाये गये। बिल्डिंग का हस्तांतरण नगर निगम को होने के पश्चात वहां स्थित 106 फड़ों का आवंटन निश्चित राशि लेने के बाद सब्जी फल विक्रेता ढकेल वालों को कर दिया। लेकिन अधिकांश सब्जी फल विक्रेता वहां नही गये और अपनी ढकेलों को बाजारों में सड़क किनारे ही लगाते रहे। नगर निगम द्वारा उनसे आग्रह करने के पश्चात भी यह ढकेल वाले वहां नही गये। ढकेल वालों की हठधर्मिता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने कठोर कदम उठाने का फैसला किया और 5 जुलाई को फड़ों का सत्यापन कराया कि कितने फड़ों पर व्यापार हो रहा है। सत्यापन में 106 आवंटियों में से सिर्फ 17 आवंटी ही फड़ों पर व्यापार करते हुए पाये गये। इसे देख कर नगर निगम प्रशासन ने 89 आवंटियों का आवंटन निरस्त करते हुए उनके द्वारा जमा की गई प्रीमियम धनराशि 25 हजार रु को जब्त कर लिया।
सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल के अनुसार आवंटी फड़ ढकेल संचालक वहां बैठकर व्यापार न कर होलीगेट पर सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण कर व्यापार किया जा रहा है। इनके कारण उक्त प्रमुख चौराहा पर अधिकांश समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इस संबंध में आज गुरुवार से 21 अगस्त तक पुन: फड़ आबंटन प्रक्रिया को प्रारम्भ कर दिया गया है। जुबली पार्क मल्टी पार्किंग के एक किमी. की परिधि में व्यापार करने वाले फड़ ढकेल संचालक आधार कार्ड और डूडा द्वारा जारी पथ विक्रेता कार्ड की फोटो कॉपी जमा कर फड़ आवंटन के लिए आवेदन कर सकते है।