मथुरा-वृन्दावन के 70 वार्डो में उत्कृष्ट सफाई कार्य पाए जाने वाले प्रथम वार्ड को मिलेगा 30 लाख रूपये का पुरुष्कार : विनोद

वृन्दावन-जोन कार्यालय में नगर निगम के अधिकारियो की ली समीक्षा बैठक, सफाई कर्मियों की हाजिरी पार्षद से करानी होगी प्रमाणित
वृंदावन। सोमवार को नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, वृन्दावन-जोन कार्यालय में नगर निगम के अधिकारियो की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में महापौर विनोद कुमार अग्रवाल द्वारा निर्देश दिए गये कि वृन्दावन नगर के समस्त 13 वार्डो में विशेष स्तर में सफाई अभियान चलाया जाये, साथ ही प्रत्येक वार्ड में कम से कम 10 गलियों को माॅडल के रुप में विकसित किया जाये तथा वार्डो में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सम्बन्धित पार्षद के माध्यम से प्रमाणित कराई जाये। नगर आयुक्त अनुनय झा ने स्पष्ट कहा आज की बैठक में जो निर्देश महापौर द्वारा दिए गए है उनमे हीला हवेली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर श्री अग्रवाल द्वारा अवगत कराया गया कि नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के समस्त 70 वार्डो में सफाई कार्य में सर्वोच्च प्रथम 03 वार्डो को पुरूस्कार दिया जायेगा जिसमें प्रथम पुरूस्कार 30 लाख रूपये, द्वितीय पुरूस्कार 25 लाख रूपये, तृतीय पुरूस्कार 20 लाख रूपये की धनराशि विकास कार्य हेतु प्रदान की जायेगी तथा उस वार्ड के पार्षद को आने वाली 15 अगस्त को सम्मानित किया जायेगा। वृन्दावन जोन के जोनल स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश देते हुये कहां कि वर्षा ऋतु आने से पूर्व वृन्दावन नगर के समस्त नालों को प्राथमिकता के आधार पर तली झाड़ शिल्ट निकलवाते हुये साफ कराये जाये तथा नालों के बाहर निकली हुई शिल्ट को तत्काल उठवाया जाये। इसके साथ ही महाप्रबंधक जल को वृन्दावन नगर में पेयजलापूर्ति निरन्तर जारी रहने के निर्देश प्रदान किये साथ ही सीवर ओवर फ्लो की समस्या आगामी वर्षा ऋतु में न हो इसके कड़े प्रबन्ध किये जाये।
अधिशासी अभियन्ता सिविल को कहा गया कि सड़क के दोनो ओर लगी इण्टरलाॅकिंग टाइल्स को सुव्यवस्थित किया जाये तथा सप्त देवालयों को जाने मार्गो पर विशेष ध्यान देकर पेचवर्क का कार्य प्राथमिकता के आधार पर अधिक मास से पूर्व हर हाल में करा लिया जाये। शाम की शिफ्ट में प्रमुख मार्गो को छोड़कर सभी वार्डो के सफाई कर्मियों को एकत्रित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाये तथा सम्बन्धित पार्षद से समन्वय स्थापित कर माइक्रो प्लान तैयार कराया जाये। गैराज में मौजूद सभी वाहनों को तत्काल प्रभाव से सही कराया जाये रोड स्वीपिंग मशीन तत्काल सही कराकर सफाई करवाई जाये।
बैठक में अपर नगर आयुक्त क्रान्ति शेखर सिंह, सहायक नगर आयुक्त लवकुश गुप्ता, महाप्रबन्धक जल विजय नारायण मौर्य, पार्षद शंशाक शर्मा, मुकेश सारस्वत, घनश्याम चौधरी, सतीश बघेल, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी रामानन्द त्यागी, अधिशासी अभियन्ता (सिविल) रिजवान अहमद, कार्यालय प्रभारी श्रीगोपाल वशिष्ठ, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाषचन्द, राजस्व निरीक्षक मुकेश सिंह, राजेश गौतम, राजेश रावत, पवन शर्मा, गोपाल प्रसाद शर्मा, राजकुमार सरस आदि कर्मचारी/अधिकारीगण मौजूद रहे।