मथुरा में गंगा दशहरा पर यमुना स्नान करते तीन युवक डूबे

मथुरा। मंगलवार को गंगा दशहरा पर नौहझील और बल्देव इलाके में यमुना स्नान के दौरान तीन युवक डूब गये। गोताखोरों ने एक युवक को यमुना सें निकाल लिया जबकि गहरे पानी में डूबे दो युवकों की तलाश जारी है। नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर यमुना में नहाने पहुंचे युवकों में से दो युवक डूब गए जिसमें एक युवक को गोताखोरों ने सकुशल निकाल लिया वहीं दूसरा युवक लापता है। सूचना पर गांव में भगदड़ व चीख पुकार मच गई। यमुना घाट पर लोगों का जमघट लग गया। सूचना पर इलाका पुलिस करीब तीन घंटे देरी से पहुंची जिससे लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव मनीगढ़ी निवासी करीब दो दर्जन महिलाएं व युवक गंगा दशहरा पर यमुना जी नहाने ट्रैक्टर से नानकपुर चौकी के अंतर्गत गांव मुसमुना स्थित मझोई बांगर देवी मंदिर घाट पर नहाने गए। यहां नहाते वक्त युवक 17 वर्षीय राजकुमार पुत्र कुमारपाल पुजारी व 16 वर्षीय बसंत पुत्र सुबरन चौधरी अचानक डूबने लगे जिसमें वहां मौजूद लोग युवकों को बचाने के लिए यमुना जी में कूद पड़े जिसमें बसंत को सकुशल निकाल लिया गया तो वहीं राजकुमार लापता हो गया। राजकुमार की तलाश में गोताखोर लगे हुए थे। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। सूचना पर देरी से पहुंची पुलिस ने जानकारी कर गोताखोरों को युवक की तलाश में लगाया है जिसका कोई सुराग नहीं लग सका है। इस बारे में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर क्राइम मनोज कुमार ने बताया कि गोताखोरों के साथ पुलिस युवक की तलाश में लगी हुई है।
दूसरी घटना बलदेव में यमुना में खडैरा घाट पर स्नान करते समय एक युवक डूब गया। डूबते समय उसने काफी हाथ पैर मार बचने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाया । युवक के डूबते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। खडैरा घाट पर 18 वर्षीय रोहित सिंह पहलवान जाट पुत्र विजय सिंह दशहरा पर्व पर स्नान करते समय डूब गया। हजारों की संख्या में भारी भीड़ होने के बाद भी पुलिस प्रशासन ने कोई भी व्यवस्था नहीं की थी। यमुना घाट पर कोई तैराक गोताखोर नहीं थे न कोई नाव की व्यवस्था थी। न कोई स्टीमर था। साथ आए युवकों ने काफी हल्ला मचाया लेकिन तब तक देर हो गई। युवक के गांव के ही युवकों ने पानी में छलांग लगाकर काफी देर तक खोजबीन की लेकिन युवक नहीं मिला। एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। युवक के डूबने के बाद पुलिस प्रशासन जागा।