मथुरा में कल्याण करोति से महाविद्या तक की निर्माणाधीन सड़क के सुस्त निर्माण कार्य से मेयर हुए खफा, दी चेतावनी

मथुरा। निगम के महापौर के रूप में शपथ लेने के बाद नवनिर्वाचित महापौर विनोद अग्रवाल पहले ही दिन निर्माण कार्यो का जायजा लेने निकल पड़े। उन्होंने अधिकारियो को साफ़ साफ़ कहा है नियत समय पर कार्य करने वाले जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों के साथ साथ ठेकेदार दण्डित होंगे।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के तुरंत बाद वह मसानी बाईपास स्थित कल्याण करोति पहुंचे जहाँ उन्होंने निर्माणाधीन सड़क एवं सीवर के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण रामलीला मैदान को जाने वाले परिक्रमा मार्ग की सड़क विगत कई महीनों से ठेकेदार ने खोद रखी है जिस कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने मेयर को बताया कि ठेकेदार ने कई महीनों से सड़क खोद कर डाल दी है जिस कारण स्कूल के बच्चों और आने वाले पर्यटक जो श्रीकृष्ण जन्मभूमि को जाते है उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

महापौर ने अधिकारी एके सिंह और एस पी मिश्रा से निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए शीघ्रता से निर्माण कार्य करवाने के लिए कड़े निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा के महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी, विनोद चौधरी, चंद्रपाल कुंतल, प्रमोद बंसल, चिंताहरण चतुर्वेदी, राजेश गुप्ता, अनिल खंडेलवाल, पार्षद राकेश भाटिया, धर्मेश तिवारी, नीरज वशिष्ठ, अंकुर अग्रवाल, किशन अग्रवाल, सुधांशु खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया आदि मौजूद रहे।