यूपी : बढ़ती लागत और गैस संकट से उद्योग प्रभावित , सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू होगा
लखनऊ । प्रदेश में बढ़ती उत्पादन लागत और गैस की कमी के चलते उद्योगों पर संकट गहराने लगा है। इस स्थिति को देखते हुए श्रम विभाग की उच्च स्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि ऊर्जा खपत कम करने और उद्योगों को राहत देने के उद्देश्य से सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही कार्यालयों और फैक्ट्रियों को अलग-अलग शिफ्ट में संचालित करने का भी निर्णय लिया गया है ताकि बिजली और गैस की खपत को नियंत्रित किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि गैस आपूर्ति प्रभावित होने से उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे कई उद्योगों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है।
बताया गया कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो कई उद्योगों में रोजगार पर भी संकट खड़ा हो सकता है। सरकार ने उद्योगों से ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने की अपील की है। श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि उद्योगों और कर्मचारियों दोनों को राहत मिल सके।