लखनऊ । यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट व रामपुर-खतौली विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतगणना चल रही है। मैनपुरी सीट पर सपा उम्मीदवार डिंपल यादव बहुत तेजी से बढ़त बनाए हुए हैं। शुरूआती दौर में रामपुर और खतौली में भी सपा आगे चल रही है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव 125782 वोटों से आगे चल रही हैं। डिंपल को अब तक 292380 वोट मिल चुके हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी के खाते में अभी 166598 वोट आए हैं। 266 नोटा वोट मिले हैं। मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य जसवंतनगर विधानसभा का अपना बूथ धौलपुर 187 वोटों से समाजवादी पार्टी से हार गए हैं।
रामपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के आसिम रजा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। तीसरे राउंड की गिनती के बाद आसिम रजा 23847 और भाजपा के आकाश सक्सेना को 18594 वोट मिले हैं। आसिम रजा 5253 वोटों से आगे चल रहे हैं।
खतौली में भाजपा की राजकुमारी सैनी रालोद सपा गठबंधन के मदन भईया से तकरीबन पांच हजार वोटो से पीछे चल रहे हैं। हालंकि अभी यह शुरूआती दौर है काफी मतगणना बाकी है।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीट पर मतगणना चल रही है। मैनपुरी में सपा संस्थापक मुलायम सिंह के निधन के बाद सीट खाली हुई है। तो वहीं रामपुर में आजम की सदस्यता जाने के बाद खाली हुई है। तो खतौली सीट पर विक्रम सैनी अयोग्य होने के बाद चुनाव हो रहा है।