वृंदावन में सुव्यवस्था बनाने को अधिकारियों ने जाने जनसंवाद में आम नागरिकों के विचार, ट्रैफिक रहा मुख्य मुद्दा

वृंदावन, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। नगर में आए दिन उत्पन्न हो रही समस्याओं से जूझ रहे स्थानीय निवासियों से बातचीत करने के लिए आज डीएम, एसएसपी ने वृंदावन शोध संस्थान में जन संवाद कर लोगों की समस्याएं जानी और निजात दिलाने का आश्वासन दिया है।
ऑडिटोरियम में हुई इस बैठक में यह संवाद कार्यक्रम निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ। बैठक में लोगों ने अधिकारियों के समाने सबसे पहले वृंदावन में बेतरतीब तरीके से चल रही यातायात व्यवस्था को लेकर उत्पन्न हो रही समस्या को रखा। पंडा सभा के अध्यक्ष श्याम सुंदर गौतम और पार्षद वैभव अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि नगर में सबसे बड़ी समस्या ई रिक्शा हैं। अधिक संख्या में ई रिक्शा चलने के कारण जाम की स्थिति रहती है। वैभव अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि एंट्री प्वाइंट पर पारदर्शी व्यवस्था हो। स्थानीय लोगों को आधार कार्ड दिखाने के बाद भी प्रवेश करने में दिक्कत होती है।
इस दौरान व्यापारी गोविंद खंडेलवाल ने बांके बिहारी मंदिर पर प्रतिदिन की जा रही व्यवस्थाओं के कारण आ रही समस्या से निजात के लिए सुझाव रखे। श्री खंडेलवाल ने कहा कि बांके बिहारी जी को जगमोहन में विराजमान कराने, श्रद्धालुओं को मंदिर में न रुकने दिया जाने, मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया जाने ,मंदिर में सीढिय़ों को हटाकर लकड़ी की रैंप बनवाई जाने के अलावा लाइव दर्शन की व्यवस्था करनेे, वीआईपी कल्चर खत्म करने के साथ ही गेट नंबर 5 से स्थानीय नागरिकों को प्रवेश दिया जाने के सुझाव प्रस्तुत किये।
नागरिकों से संवाद करने के बाद एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सबसे पहले 10 से 15 दिन के अंदर एक हैल्प लाइन नंबर जारी किया जाएगा जिसके जरिए बांके बिहारी मंदिर आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोग उस पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा जॉन के आधार पर चलाए जाएंगे। पहले उन पर रूट और नंबर डाले जा रहे हैं, 50 प्रतिशत पर नंबर डाल दिए गए हैं। अतिक्रमण हटाने को अभियान चलेगा। पहले एलाउंस किया जायेगा फिर टीम बनाकर अतिक्रमण हटाया जायेगा। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने लोगों से सुझाव जानकर शीघ्र ही ठोस कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद अधिकांश लोगों का तरक था कि वृंदावन नगर की बिगडी ट्रैफिक व्यवस्था से जन जीवन बेहाल हो गया है।
बैठक में मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त अनुनय झा, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, सीएमओ अजय वर्मा, सीओ सदर प्रवीन मलिक, कोतवाली प्रभारी विजय सिंह, राधा कृष्ण पाठक, ललित अरोड़ा, कपिल उपाध्याय, श्याम सुंदर गौतम, आलोक बंसल, अभय वशिष्ठ, सुभाष गौड़, उदयन शर्मा, गोविंद खंडेलवाल, वैभव अग्रवाल, विनीत शर्मा, मुन्ना निषाद, नूतन पारिख, पुरषोत्तम शर्मा, अशोक अज्ञ, ज्ञानेंद्र गोस्वामी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।