भुवनेश्वर/रांची । आयकर विभाग ने ओडिशा स्थित शराब बनाने वाली एक कंपनी के खिलाफ कर चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीसरे दिन भी छापे मारे और अब तक 220 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयकर विभाग की इस छापेमारी को लेकर शुक्रवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से लूटा गया पैसा वापस करना होगा। मोदी ने अप्रत्यक्ष रूप से ओडिशा और झारखंड के उन नेताओं का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी, जिनका शराब कंपनी से संबंध है।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक हिंदी समाचारपत्र की खबर साझा की जिसमें दावा किया गया है कि झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से कथित तौर पर जुड़े एक कारोबारी समूह के विभिन्न ठिकानों से आयकर विभाग ने 200 करोड़ रुपये नकदी बरामद की है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें… जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है।”
उन्होंने इस पोस्ट के साथ कई इमोजी भी लगाई। खबर में नोटों से भरी कई अलमारियों की तस्वीर भी प्रदर्शित की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक आयकर विभाग ने ओडिशा स्थित शराब बनाने वाली एक कंपनी के खिलाफ कर चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीसरे दिन भी छापे मारे और नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए।
उन्होंने बताया कि इन बैग से बरामद नकदी में से अब तक 20 करोड़ रुपये गिने जा चुके हैं। इसके साथ ही छापेमारी में अब तक 220 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। आयकर विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बोलांगीर जिले के सुदापाड़ा में छापेमारी के दौरान नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए। एक अधिकारी ने कहा, ”156 बैग में से केवल छह-सात की गिनती की गई, जिसमें 20 करोड़ रुपये की रकम पाई गई।”
आयकर विभाग ने संबलपुर, बोलांगीर, टिटिलागढ़, बौध, सुंदरगढ़, राउरकेला और भुवनेश्वर में छापेमारी की। शराब का कारोबार करने वाली कंपनी ने अभी तक छापे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। आयकर विभाग की टीम ने भुवनेश्वर के पलासापल्ली में बौध शराब प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय की भी तलाशी ली। इसके अलावा कंपनी के कुछ अधिकारियों के घरों, बौध स्थित कंपनी के कारखाना और कार्यालय तथा रानीसती राइस मिल में भी तलाशी ली गयी है।