मथुरा। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के तहत प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा स्व-गणना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनपद के सभी चार्ज अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के जरिए ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 को इस बार पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक तकनीक के माध्यम से मोबाइल एप के जरिए संचालित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सके। जनगणना दो चरणों में होगी—पहले चरण में हाउस लिस्टिंग व मकानों की नंबरिंग, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि इस बार पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया गया है, जिसमें 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। यह प्रक्रिया नागरिक स्वयं, परिवार के सदस्य या जन सेवा केंद्र के माध्यम से पूरी कर सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कोटेदारों, ग्राम सचिवों, प्रधानों, पुलिस कर्मियों, होमगार्ड्स, पीआरडी जवानों, सिविल डिफेंस, व्यापारियों, उद्यमियों, शिक्षकों समेत सभी वर्गों को जागरूक किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों—मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख व पार्षदों को भी स्व-गणना में भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि जनपद में जनगणना-2027 सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे, उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर, उप जिलाधिकारी महावन ऊषा सिंह, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेन्द्र पाल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.