दीनदयालधाम मेले का बारिश ने बिगाड़ा खेल, नहीं आ पाएंगे योगी

अनुज सिंघल

फरह। समूचे जिले सहित फरह क्षेत्र में बुधवार रात से हो रही वर्षा से जगह- जगह जलभराव हो गया है। गुरुवार से दीन दयाल धाम में शुरू हो रहे चार दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति जन्मोत्सव मेला परिसर में पानी भर गया है। सुबह से टीमें पंप सेट के जरिये पानी निकाल रही हैं। आज दोपहर 2.25 पर सीएम योगी आदित्यनाथ को मेले का शुभारंभ करने आना था लेकिन जलभराव और लगातार हो रही वर्षा के कारण मुख्यमंत्री के कार्यक्रम रद्द हो गया है।
मुख्यमंत्री को आज इसी स्थान पर सभा करनी है, सुबह 10 बजे तक मैदान में लगभग सारी कुर्सियां आधी से ज्यादा डूबी हुई है। प्रशासन पंप सेट लगाकर पानी की निकासी में लगा हुआ है।

क्षेत्र में कल रात से तेज वर्षा हो रही है। गुरुवार सुबह से भी लगातार वर्षा जारी है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार से उनके पैतृक गांव में चार दिवसीय मेला और प्रदर्शनी का आयोजन शुरू हो रहा है। इसमे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जहां किसान गोष्ठी को संबोधित करना था वहां भी पानी भरने से दलदल हो गया। प्रदर्शनी स्थल पर भी काफी पानी भर गया है। पास ही मुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड बनाया गया था। इसमे पानी भरने के कारण कल शाम करीब एक किमी दूर हेलीपैड बनाया गया लेकिन रात हुई वर्षा में वहां भी पानी भर गया। सुबह भी वहां दलदल जैसे हालात नजर आये।