वासुदेव वाटिका की खूबसूरती बनेंगे कमल के फूल और खजूर के वृक्ष
मथुरा । अब कमल के फूल और खजूर के वृक्ष गोकुल बैराज स्थित वासुदेव वाटिका की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे।उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने खुले क्षेत्र में खजूर के वृक्ष और वाटर वाड़ी में कमल लगाने के निर्देश दिए हैं। गोकुल में यमुना तट पर वासुदेव वाटिका का निर्माणाधीन है। 45 करोड़ की लागत से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद इसका निर्माण करा रहा हैँ। 32 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में तैयार की जा रही वासुदेव वाटिका को धार्मिक स्वरूप के अनरूप पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे मंदिरों के दर्शन बंद होने के बाद श्रद्धालु अपना समय एक अच्छे वातावरण के बीच बिताए।
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने निरीक्षण करते हुए बताया कि वासुदेव वाटिका में पार्किंग स्थल में कार के साथ बसों के खड़े होने के लिए व्यवस्था रहेगी। वासुदेव वाटिका में 200 कारों के पार्क करने के लिए पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन सड़क से अधिक नीचा स्थल होने के कारण बसों को यहां उतारने में परेशानी को देखते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को स्लैब का निर्माण इस प्रकार करने के लिए कहा गया है, जिससे बसें भी आसानी से यहां पार्क की जा सकें।
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि यहाँ कमल कुंड में कमल के फूल लगाने के लिए पांच छोटे-छोटे कुंड भी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यहाँ बहुतायत में खजूर के पेड़ भी इस स्थल की खूबसूरती निखारेंगे। उन्होंने बताया कि 45 करोड़ की लागत से बन रही वासुदेव वाटिका गोकुल में बहुत ही खूबसूरत प्रोजेक्ट हैं। यहां निर्माण बहुत तेज गति से चल रहा है। यह क्षेत्र नदी किनारे और नीचा होने के कारण निर्माण चुनौतीपूर्ण है। यहां निर्माणाधीन पाथ-वे को रेत में दबने से बचाने के लिए स्टील का स्ट्रक्चर भी डाला जा रहा है। इसके साथ ही टॉयलेट ब्लाक और वाटर बाड़ी भी बनाई जा रही है। एक ओपन थियेटर भी यहां रहेगा, जिसे एमपी थियेटर का नाम दिया गया है। इनके अलावा शापिंग प्लाजा और चौपाटी भी बनेगी। उन्होंने बताया कि यह सब कुछ खूबसूरत ढंग से लगाए गये पौधों के बीच होंगे, जो वासुदेव वाटिका की खूबसूरत छटा प्रस्तुत करेगी।