ऑडी ने भारतीय बाजार में उतारा Q3 मॉडल

नई दिल्ली । जर्मनी की लक्जरी कार कंपनी ऑडी वैश्विक आपूर्ति चिंताओं के बावजूद इस साल भारतीय बाजार में अपनी बिक्री में दो अंकीय वृद्धि बरकरार रखने में सफल रही है। कंपनी को भरोसा है कि आगामी त्योहारी मौसम में उसकी बिक्री में और तेजी आएगी।

ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लन ने मंगलवार को कहा कि कंपनी भारतीय बाजार को लेकर काफी आशान्वित है। उन्होंने कहा कि घरेलू मांग में तेजी का सिलसिला त्योहारी मौसम में और जोर पकड़ने की उम्मीद है।

भारतीय बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए ऑडी ने मंगलवार को अपने लोकप्रिय मॉडल क्यू3 को नए सिरे से पेश किया। दो साल के अंतराल के बाद क्यू3 अब फिर से भारतीय बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसकी शोरूम कीमत 44.89 लाख रुपये रखी गई है। जनवरी-जून, 2022 के दौरान कंपनी की खुदरा बिक्री 49 प्रतिशत बढ़कर 1,765 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले की पहली छमाही में कंपनी ने 1,181 इकाइयों की बिक्री की थी।

इस संदर्भ में ढिल्लन ने कहा, निःसन्देह पहली छमाही अच्छी रही। अब हम दहाई अंकों में उच्च वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन वैश्विक चुनौतियों को देखते हुए कोई सटीक अनुमान नहीं दिया जा सकता है।

क्यू3 की बुकिंग इस महीने की शुरुआत में 2 लाख रुपये से शुरू हुई थी। ऑडी क्यू3 पर 5 साल की एक्सटेंडेड वारंटी दे रही है। पहले 500 ग्राहकों को 3 साल / 50,000 किमी का अतिरिक्त सर्विस पैकेज भी मिलेगा। पहले की तरह, Q3 मर्सिडीज-बेंज GLA (44.90 लाख रुपये), बीएमडब्ल्यू X1 (41.50 – 43.50 लाख रुपये), मिनी कंट्रीमैन (42 – 46 लाख रुपये) और वोल्वो XC40 (44.50 लाख रुपये) को टक्कर दे रही है।