सुरीर के विनायक बहादुर को मिला दुबई में ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिगी अवार्ड

सुरीर। बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले मांट तहसील के कस्बा सुरीर निवासी मूक बधिर लाल विनायक बहादुर ने विश्व प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिगी अवार्ड’ अर्जित कर अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। यह पुरस्कार शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी दुबई स्थित मैरियट होटल अल जद्दाफ में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में मिला है। कस्बा सुरीर निवासी पूर्व अध्यक्ष, जिला उपभोक्ता फोरम और जिला जज (सेवानिवृत्ति) खगेश बहादुर वार्ष्णेय के मूक बधिर पौत्र विनायक बहादुर ने कम उम्र में बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्हें राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार, सर्वश्रेठ पैरा प्लेयर अवार्ड समेत कई पुरस्कार मिल चुके हैं। विनायक बहादुर ने सात वर्ष की उम्र से ही बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। कड़ी मेहनत और साहस से नेशनल व स्टेट लेवल पर बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से भी उन्हें बधाई पत्र मिल चुका है। बैडमिंटन में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने पर विनायक बहादुर का नाम इंडियन बुक ऑफ रिकार्ड में भी दर्ज हो चुका है। विनायक बहादुर की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों में हर्ष का वातावरण है।
मांट के विधायक राजेश चौधरी ने उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामना देते हुए कहा हैं कि वह प्रयास करेंगे कि राज्य और केंद्र सरकार से भी विनायक को पुरस्कृत किया जाए।