निगम ने कई उपयोगी कार्यक्रमों के साथ मनाया आजादी का अमृत महोत्सव, वृंदावन में फहराया 102 फ़ीट ऊंचा तिरंगा

मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनरलगंज स्थित नगर निगम मथुरा-वृन्दावन मुख्यालय पर महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। पार्षद श्रीमती मीरा मित्तल एवं श्रीमती मीरा अग्रवाल द्वारा देशभक्ति पूर्ण कविता का प्रस्तुतीकरण किया गया।
सैंटपाॅल स्कूल डेम्पियर नगर के छात्र-छात्राओं द्वारा देश-भक्ति सांस्कृतिक का प्रस्तुतीकरण किया गया छात्र रिहान द्वारा ‘‘मेरे भारत की बात कर‘‘ कविता प्रस्तुत की गयी जिस पर बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा महिला सफाई कर्मचारियों को ग्रीष्म कालीन वर्दी वितरित की गयी।
महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा विकास मार्केट में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत वृक्षारोपण किया गया।
नगर आयुक्त श्री झा द्वारा कहा गया कि प्रधान मंत्री एवं मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष सम्पूर्ण राष्ट्र पूरे जोश के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसी श्रंखला में वृंदावन के गांधी पार्क में स्थानीय निवासियों एवं पार्षदो की मांग पर 110 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज स्तम्भ की स्थापना कर आज के पावन दिवस पर उसका लोकार्पण किया गया है।

वृंदावन के गांधी पार्क में पार्षदों के साथ नगर आयुक्त।

नगर निगम के उपसभापति राधाकृष्ण पाठक ने वृन्दावन में स्थापित 110 फीट उंचे ध्वज को लगाये जाने पर नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त ध्वज दर्शनार्थियों/स्थानीय निवासियों/पर्यटको को आकर्षित कर राष्ट्र प्रेम को बढावा देगा।
सौ शैया अस्पताल स्थित कान्हा गौशाला के पीछे नगर निगम की लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर कान्हा गौशाला (नन्दी ग्राम) को कार्यदायी संस्था मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकारी द्वारा निर्मित करते हुये नगर निगम मथुरा-वृन्दावन को हस्तगत किया गया था जिसका लोकार्पण महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य नारियल फोडकर एवं शिलालेख का अनावरण कर किया गया।
-नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा अमृत सरोवर के अन्तर्गत कुण्डों का सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा गरूण गोविन्द कुण्ड के सौन्दर्यीकरण का शिलान्यास मंत्रोच्चारण के उपरान्त नारियल फोडकर किया गया। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा गरूण गोविन्द कुण्ड में महिला व पुरूष शौचालय, बैंच, लाइट, पत्थर की रैलिंग, पत्थर की सिढी, पत्थर का फर्श का निर्माण कराया जायेगा। उक्त सौन्दर्यीकरण कार्य दिनांक 15 सित. 2022 तक पूर्ण कराया जायेगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के समस्त पार्षदो के साथ-साथ सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल धीरेन्द्र कुमार सिंह लवकुश गुप्ता मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम महाप्रंधक जल विजय नारायण मौर्य अधिशासी अभियंता एस.पी. मिश्र सिविल आदि नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे ।