उप राष्ट्रपति चुनाव में वोट नहीं डालेगी टीएमसी

कोलकाता। उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग से दूर रहेगी। बता दें कि शरद पवार ने टीएमसी से कहा था कि वह विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करें। इसपर टीएमसी की तरफ से कहा गया था कि संसदीय दल की बैठक के बाद 21 जुलाई को ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। अभिषेक बनर्जी ने बताया कि विपक्ष ने उम्मीदवार घोषित करने से पहले टीएमसी से कोई सलाह नहीं की और बिना बताए मार्गेट अल्वा को उम्मीदवार बना दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करने का कोई प्रश्न ही नहीं है। ऐसे में टीएमसी को वोटिंग से दूरी बनाने का ही फैसला करना पड़ा।
राष्ट्रपति चुनाव से पहले ममता बनर्जी काफी सक्रिय नजर आई थीं। उन्होंने दिल्ली पहुंचकर विपक्षी दलों की बैठक की थी। हालांकि उस बैठक में राष्ट्रपति उम्मीदवार पर फाइनल फैसला नहीं लिया जा सका था। बाद में टीएमसी नेता रहे यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया गया। यशवंत सिन्हा की उम्मीदवारी तय होने के बाद उन्होंने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति चुनाव में इतना ऐक्टिव रहने वाली पार्टी का उपराष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग से किनारा कर लेना हैरान करने वाला फैसला है।