मथुरा में निगम की बड़ी कार्रवाई: प्लास्टिक से ग्लास-दोना बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी, लगाया 2 लाख रु का जुर्माना
मथुरा। प्रतिबंधित प्लास्टिक-पॉलिथीन जब्त करने का अभियान मथुरा वृंदावन में गति पकड़ता जा रहा है। आज एक फैक्ट्री से डेढ़ कुंटल प्लास्टिक से बने ग्लास दोना जब्त किए गए। इसके अलावा फैक्ट्री मालिक पर दो लाख रु की जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
बुधवार की सहायक नगर आयुक्त डी.के. सिंह के नेतृत्व में सौंख रोड स्थित ए सी इंटर नेशनल फैक्ट्री पर छापे के दौरान लगभग 1.5 क्विंटल प्रतिबन्धित प्लास्टिक से बने हुए गिलास, दौना आदि जब्त करते हुए 2 लाख रूपये की जुर्माने की कार्यवाही की गई। निगम की टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। फैक्ट्री मालिक हरिओम शर्मा ने काफी अनुनय विनय की लेकिन अधिकारियो ने स्पष्ट कह दिया कि इसमें कोई समझौता नहीं होगा।
वही टीम ने मंगलवार को नया बस स्टैंड, महोली रोड से 15 किग्रा प्रतिबंधित प्लास्टिक/ पॉलीथिन जब्त करते हुए रु 8000/- का जुर्माना वसूला। इसके अतिरिक्त गंदगी करने पर 300 रु का जुर्माना वसूला गया। मौके पर स्वच्छता निरीक्षक विपिन कुमार व मुकेश शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के हर्ष वर्मा प्रवर्तन दल के सूबेदार राजेश कुमार नायब सूबेदार पदम सिंह नायब सूबेदार राजेश कुमार पी.पी. सिंह दिगम्बर सिंह योगेश कुमार धर्मवीर नरेन्द्र सिंह पंकज उपस्थित रहे।
इस संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि प्रतिबंध लगे 20 दिन होने को आये परन्तु लोग मान नहीं रहे इसलिए अब टीम को आदेशित किया गया है कि माल जब्तीकरण के साथ हेवी जुर्माना लगाया जाए।