मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर कूड़ा ढकेल में ले जाने वाले संविदा सफाई कर्मचारी की सेवाओं को पुनः बहाल कर दिया गया है। मथुरा वृंदावन नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मी बॉबी कुछ दिन पूर्व नगर निगम कार्यालय के समीप सुभाष इंटर कॉलेज के पास से अपनी कूड़ा गाड़ी में मोदी और योगी की तस्वीरें ले जा रहा था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिस कारण उक्त सफाई कर्मी के खिलाफ नगर निगम को सेवा समाप्ति की कार्रवाई करनी पड़ी थी। इस संबंध में आरोपी सफाई कर्मी बॉबी पुत्र दुलीचंद ने एक पत्र नगर आयुक्त को लिखा जिसमें उन्होंने कहा कि वह अपने कृत्य पर शर्मिंदा है तथा उसके परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं भविष्य में वह इस प्रकार की लापरवाही नहीं करेगा उसको सेवा का अवसर दिया जाए। जिस पर नगर निगम के अधिकारियों ने सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए अपने सेवा समाप्ति के आदेश को निरस्त कर उसको फिर से ड्यूटी पर बहाल कर दिया है।

सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता महेश काजू ने निगम के अधिकारियों के बाहली आदेश की सराहना करते हुए कहा हैं की सभी सफाई कर्मियों को पूर्ण कर्तव्य निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य को अंजाम देना चाहिए।