कोहरे में हादसा या साजिश? ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत से ब्रज में बवाल , हाईवे जाम—पथराव और लाठीचार्ज

डीएम बोले—दुर्घटना में गई जान, समर्थकों का आरोप—गौ तस्करों ने कुचला; जांच के आदेश, क्षेत्र में तनाव

कोसीकलां/मथुरा । ब्रज के विख्यात गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शनिवार तड़के मथुरा जनपद के कोसी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना को लेकर जहां प्रशासन इसे घने कोहरे में हुआ सड़क हादसा बता रहा है, वहीं बाबा के समर्थक इसे सुनियोजित हत्या करार दे रहे हैं। इस विरोधाभास ने पूरे इलाके में आक्रोश और अशांति फैला दी है।

जिलाधिकारी सीपी सिंह के अनुसार 21/22 मार्च 2026 की सुबह लगभग 4 बजे हरियाणा सीमा के पास थाना कोसी क्षेत्र में एक वाहन में गोवंश होने की सूचना पर बाबा अपने शिष्यों के साथ एक नागालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर जांच कर रहे थे। कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान भरे पाए गए। इसी दौरान घने कोहरे के चलते पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हुआ है और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि घटनास्थल पर मौजूद लोगों और बाबा के अनुयायियों का आरोप है कि बाबा गौ तस्करों का बाईक से पीछा कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें जानबूझकर कुचल दिया गया। बताया जा रहा है कि कोटवन चौकी के नवीपुर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य लोग फरार हो गए।

घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। बाबा के पार्थिव शरीर को कोसी से आँजनौख गौशाला ले जाया जा रहा है, जहां सैकड़ों की संख्या में गौ रक्षक एकत्र हो गए। वहीं छाता क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में समर्थकों ने शव रखकर जाम लगा दिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया जिसमें लाठीचार्ज किया गया। पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक आगरा मंडल के डीआईजी के मौके पर पहुंचने के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ सकी और उनके सामने भी पथराव की घटना सामने आई जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाई और भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

डीएम सीपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि प्रथम दृष्टया यह एक सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है लेकिन मामले के हर पहलू की गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
ब्रजभूमि में संत की मौत के बाद उपजे इस विवाद ने कानून-व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है वहीं पूरे क्षेत्र की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

कोसीकलां कांड पर CM योगी सख्त—“अपराधी किसी हाल में न बचें”, अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश

मथुरा जनपद के कोसीकलां क्षेत्र में हुई सनसनीखेज घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने मृतक संत चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन को हर हाल में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि “अपराधी किसी हाल में बख्शे न जाएं”, और पुलिस-प्रशासन को सख्ती के साथ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। गौरतलब है कि कोसीकलां में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रदेश सरकार की नजर अब इस पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है और जल्द ही जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।