योगी मंत्रिमंडल के साथ अफसरों में हुआ बड़ा बदलाव, तैनात किए नए निजी सचिव

ओएसडी और पी आर ओ मंत्रियो की पसंद के होंगे तैनात
लखनऊ। प्रदेश में फिर से बनी योगी नई सरकार के मंत्रियों के साथ नए निजी सचिव तैनात कर दिए गए हैं। पुराने मंत्रियों के साथ तैनात सभी निजी सचिव हटा दिए गए हैं। खास बात यह कि मंत्रियों के स्टाफ में बीस प्रतिशत महिलाएं तैनात की गईं हैं। सचिवालय प्रशासन विभाग ने मंत्रियों के स्टाफ की सूची तय कर दी है। निजी सचिव, अपर निजी सचिव, समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी और अनुसेवकों का चयन रैंडम आधार पर किया गया है। इसके लिए तैयार तीन सूची को सॉफ्टवेयर में अपलोड होने के बाद प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन अमृत अभिजात ने बटन दबाकर एक सूची का चयन किया। पहली बार बड़ी संख्या में महिलाओं को मंत्रियों के स्टाफ में तैनाती दी गई है। अब तक महिलाओं को मंत्रियों के स्टाफ में जगह नहीं दिए जाने की परंपरा रही है।

सचिवालय प्रशासन विभाग ने सूची तैयार करने के साथ ही रविवार को ही तमाम स्टाफ को बुलाकर उनकी नई तैनाती का पत्र दे भी दिया जो बचे हैं उन्हें सोमवार को दिया जाएगा। मंत्रियों के स्टाफ की यह सूची सीएम कार्यालय में बैठकर अधिकारियों ने तैयार की। तय पदों के लिए योग्य स्टाफ की तीन सूची साफ्टवेयर में अपलोड की गई। जो सूची तैयार की गई थी उसमें किसी भी कर्मचारी का नाम ना देकर उनके इंप्लाइज कोड को डाला गया था। बताया जाता है कि मंत्री स्टाफ में तैनाती से कुछ महिला कार्मिकों में नाराजगी है। तर्क दिया जा रहा है कि मंत्री स्टाफ के रूप में काम करते महिलाओं को देर शाम तक कार्यालय में रहना पड़ सकता है। मंत्रियों के आफिशियल टूर में साथ जाने की मजबूरी भी हो सकती है। कुल चयनित स्टाफ में करीब 20 फीसदी संख्या महिलाओं की बताई जा रही है।
वहीं मंत्रियों को विभाग मिल जाने पर उनके द्वारा विशेष कार्याधिकारी और जनसंपर्क अधिकारी के विकल्प सचिवालय प्रशासन विभाग को दिए जाएंगे। मंत्रियों द्वारा भेजे गए नामों में से ओएसडी और पीआरओ की तैनाती सचिवालय प्रशासन विभाग करेगा।