पटना । बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। 20 साल तक राज्य के मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश कुमार ने आज सीएम पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद अब सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम होंगे। बीजेपी के विधायकों ने उन्हें अपना नेता चुन लिया है। भाजपा विधायक दल का नेता ही एनडीए सरकार का नया मुख्यमंत्री होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा ने कहा कि मैं पार्टी के विधानमंडल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखता हूं। इसके बाद रेणु देवी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल समेत विधायकों ने उनके नाम पर स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया । राजद से जदयू के रास्ते भाजपा पहुंचे सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री दे रही है। वीर चंद्र पटेल मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के विधायक दल की बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अब सम्राट कुछ देर में लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा, नयी जवाबदेही के लिए सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढ़ेरों शुभकामनाएं।