मथुरा। आम जनमानस और श्रद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में सख्त अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मंदिर के गेट नंबर 1 और 2 के पास स्थित पेड़ा दुकानों पर छापेमारी की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों जितेंद्र सिंह और दलवीर सिंह की टीम ने बिना वैध खाद्य पंजीकरण के कारोबार कर रहे दुकानदारों के मौके पर चालान किए। साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना रेट लिस्ट मिठाई या पेड़ा की बिक्री न करें, खरीद से जुड़े बिल/इनवॉइस का रिकॉर्ड रखें और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ही बेचें।
टीम ने यह भी निर्देशित किया कि सभी खाद्य कारोबारकर्ता पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से बनाए रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान गेट नंबर 1 के सामने स्थित मुरली मनोहर मिष्ठान भंडार और लाला भइया पेड़े वाले की दुकान से पेड़ा के दो नमूने संदिग्ध गुणवत्ता के आधार पर लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी की खबर फैलते ही क्षेत्र के अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.