मथुरा में शराब की दुकानों पर सिटी मजिस्ट्रेट ने ठोका जुर्माना, मिश्रित आबादी क्षेत्र में मार्च पास्ट
मथुरा। आगामी होली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में अवैध शराब के खरीद फरोख्त के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम मे मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव तथा जिला आबकारी अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से जयसिंह पुरा, बंगाली कॉलोनी आदि स्थानों पर शराब की दुकानों का निरीक्षण करते हुए स्टॉक रजिस्टरों का अवलोकन किया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट द्वारा दुकानों में सफाई न होने के कारण तथा विक्रेता द्वारा परिचय पत्र नहीं प्रस्तुत करने के कारण सात हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया l
इसके उपरांत त्योहारों के दृष्टिगत नगर मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस बल के साथ शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु मसानी चौकी से रुपम सिनेमा ,डीग गेट ,दरेसी रोड तथा भरतपुर गेट तक मार्च पास्ट किया गया । नगर मजिस्ट्रेट श्री श्रीवास्तव ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि वह होली के हुड़दंग के नाम पर रंग में भंग न डालें तथा कानून व्यवस्था से कोई खिलवाड़ ना करें।