बड़ी खबर: आठ बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा को राजेश चौधरी ने दी पटखनी

मथुरा । जनपद की सबसे हॉट सीट मानी जाने वाली मांट विधानसभा पर भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा गया है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरे यहां से युवा नेता राजेश चौधरी ने 8 बार से विधायक बनते आ रहे हैं श्याम सुंदर शर्मा को पटखनी दे दी है । उन्होंने बसपा प्रत्याशी श्याम सुंदर शर्मा को 8001 वोटों से हराया है। भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी को 79956 मत प्राप्त हुए है जबकि श्याम सुंदर शर्मा को 71349 वोट हासिल हुए हैं। तीसरे नंबर पर रहे समाजवादी पार्टी रालोद गठबंधन के प्रत्याशी संजय लाठर को 57981 मतों से संतोष करना पड़ा है।

मतगड़ना स्थल पर प्रसन्न मुद्रा में विक्ट्री चिन्ह दिखाते राजेश चौधरी।

मांट सीट से भाजपा की जीत को बहुत बड़ी बात समझा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि राजेश चौधरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कोटे से पार्टी द्वारा टिकट दी गई थी। क्षेत्र में चर्चाएं हैं प्रदेश में बनने वाली भाजपा की नई सरकार में उनको मंत्री पद मिलना सुनिश्चित है।
मांट विधानसभा मतगणना पंडाल में उदासी की चादर उड़े हुए गठबंधन प्रत्याशी संजय लाठर और रालोद नेता योगेश नोहवार।

आम आदमी को अर्श से फर्स का सफर कराने के लिए मशहूर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी इस परंपरा को एक बार फिर से दोहराया है। जमीन से जुडे कार्यकर्ताओं को मौका देने में कोई कंजूसी न बरतते हुए पार्टी ने इस विस चुनाव में पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता राजेश चौधरी को मांट विस से चुनाव में उतारा था। हालांकि पार्टी को उन्हें चुनाव लडाने के लिए पूर्व प्रत्याशी की बगावत को भी झेलना पडा था। बावजूद इसके मोदी-योगी फैक्टर और सरकार की विभिन्न योजनाओं के अलावा राजेश चौधरी द्वारा जमीनी स्तर पर स्थानीय लोगों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास में दिया गया योगदान उनके लिए वरदान साबित हुआ है। पहली बार चुनाव में उतरे श्री चौधरी ने यहां 8 बार के विधायक व राजनीति के दिग्गज रहे बसपा के पं. श्याम सुन्दर शर्मा को करीब 8 हजार वोटों से मात दी है। अपनी जीत का श्रेय क्षेत्र नेतृत्व को देते हुए मांट के विधायक राजेश ने क्षेत्रीय जनता का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि मांट की जनता ने पहली बार जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास को वोट किया है। मोदी-योगी पर भरोसे के साथ ही उनकी सेवा को पुरूस्कार देने वाली जनता के लिए वह जनमनधन से समर्पित होकर सेवक की भूमिका का निर्वाह करेंगे।