मथुरा में होली को लेकर नगर निगम ने तैयारियां की तेज, मंदिरों के आसपास विशेष सफाई साज सज्जा के निर्देश

मथुरा। मंगलवार को नगर आयुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में होली पर्व को लेकर की जाने वाली व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने बैठक में कहा कि ब्रज की होली पूरे विश्व में एक अलग पहचान रखती है इसलिए नगर निगम का दायित्व बनता है कि वह मथुरा वृंदावन में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए समुचित व्यवस्था करें। सभी चौराहों, तिराहों पर कलरफुल एल.ई.डी. लाईट एवं झालर लगायी जाएंगी। होली पर्व पर यदि किसी कारणवश पेयजल सप्लाई बाधित होती है वहां तत्काल 30 मिनट के अन्दर रिजर्व में रखे टैंकर भेज दिए जाये ।
बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने आगामी होली महोत्सव पर नगर निगम की ओर से की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं हेतु नगर निगम के सम्बन्धित विभागाध्यक्षों को आदेश किए । नगर आयुक्त श्री झा द्वारा 14 मार्च को रंगभरी एकादशी पर वृन्दावन की परिक्रमा पर पैच मरम्मत कराये जाने के साथ साथ सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग में सफाई तथा चूना छिडकाव कराये जाने हेतु निर्देशित किया । उन्होंने कहा परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों की सुविधा हेतु पेयजल हेतु पानी के टैंकर तथा मोबाइल टायलेट लगाए जाये।
इसके अलावा वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी जी, श्रीकृष्ण जन्मस्थान एवं द्वारिकाधीश मंदिर में होली के दृष्टिगत उक्त मंदिरों के साथ-साथ वृन्दावन के सप्तदेवालयों के आस-पास विशेष सफाई, चूना छिडकाव, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था की जाएगी ।
बैठक में होलिका दहन स्थलों पर विशेष सफाई, चूना छिडकाव प्रमुख चौराहों, तिराहों, प्रमुख पार्क एवं समस्त मंदिरों के आस-पास रंगोली एवं नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत एन्ट्री गेट को सजाये जाने के निर्देशित किया गया। सहायक अभियन्ता प्रकाश को कहा गया कि नगर निगम द्वारा लगायी गयी सभी तिरंगा लाइट को सुचारू कराया जाये। वृन्दावन में अटल्ला चुंगी से मिर्जापुर धर्मशाला तक तिरंगा लाइट लगायी जाये।
बैठक में मुख्य अभियन्ता सिविल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, महाप्रबंधक जल, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक अभियन्ता प्रकाश, सहायक अभियंता जल, समस्त सफाई निरीक्षक, आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।