योगी ने बसपा को बताया मुस्लिम लीग

देवरिया। उत्तर प्रदेश में पांच चरण की वोटिंग हो चुकी है अब तमाम नेता छठे और सातवें चरण की वोटिंग के लिए चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज देवरिया में एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें योगी सपा-बसपा पर खूब बरसे। सीएम योगी ने एक बार फिर 300 पार का दावा करते हुए कहा कि पांच चरणों के चुनाव के बाद मैं कह सकता हूं कि बीजेपी पूर्ण बहुमत से आगे चल रही है। छठे और सातवें चरण में हम छक्का मारने के लिए आए हैं जिससे हम 300 पार के लक्ष्य को फिर से प्राप्त कर सके।
सीएम योगी ने अखिलेश यादव और मायावती पर निशाना साधते हुए कहा सपा और बसपा के कई लोगों ने बाहर का टिकट बुक कराना शुरू कर दिया है। बीएसपी की लिस्ट देखकर समझ ही नहीं पाया कि यह बीएसपी की लिस्ट है या मुस्लिम लीग की है ये किसी को टिकट दे सकते हैं जो काम सपा तुष्टिकरण की राजनीति करके करती थी, वो ठेका बसपा ने ले लिया है।

सीएम योगी ने आगे कहा, सपा की सरकार में 700 से अधिक दंगे हुए. दंगा मुक्त, भय मुक्त व्यवस्था देने का काम बीजेपी की सरकार ने किया है. 2017 के पहले बिजली नहीं मिलती थी आज आ रही है. बिजली का कोई जाति और मजहब नहीं है. सपा, बसपा की सरकार के समय बिजली की जाति और मजहब होता था. होली-दिवाली पर बिजली गायब हो जाती थी। सपा, बसपा और कांग्रेस अवसरवादी की जमात है. सपा, बसपा की सरकार में वैक्सीन ब्लैक हो जाती. राशन इनके इत्र वाले मित्र के यहां चला जाता था।