वृंदावन में सख्त हुए मुख्यमंत्री योगी : सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं, तुरंत हो कार्रवाई

ब्रज के विकास और व्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा; श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश


​वृन्दावन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार वृंदावन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय–यमुना एक्सप्रेस-वे सभाकक्ष में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट और कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में प्रशासन तुरंत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। बैठक में ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, तीर्थ स्थलों के सुदृढ़ीकरण तथा आगामी विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत एवं सार्थक विमर्श हुआ।
​मुख्यमंत्री निर्धारित समय से कुछ विलंब से वृन्दावन स्थित पवन हंस हेलीपैड पहुंचे, जहाँ भारतीय जनता पार्टी के जिला और महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रणाली और शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

​बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृन्दावन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था ऐसी हो कि यहाँ आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजकान्त मिश्रा ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।

​समीक्षा बैठक में प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ​सांसद हेमामालिनी एवं सांसद तेजवीर सिंह जनपद के ​प्रभारी मंत्री संदीप सिंह एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ​विधायक राजेश चौधरी पूरन प्रकाश ठाकुर मेध श्याम सिंह ​जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ​मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे। ​बैठक में शासन और प्रशासन के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे जिन्हें मुख्यमंत्री ने जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन की व्यवस्था कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप डी आई जी शैलेश पांडेय जिलाधिकारी सीपी सिंह एसएसपी श्लोक कुमार संभालते देखे गए।