प्रतिकूल मौसम की घटनाओं में जनवरी और अप्रैल के बीच 233 लोगों की मौत: रिपोर्ट

नई दिल्ली । देश में इस साल के पहले चार महीनों में बेहद प्रतिकूल मौसम की वजह से हुई घटनाओं में 233 लोगों की मौत हो गई और करीब 9.5 लाख हेक्टेयर फसल को भी नुकसान पहुंचा है। ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट’ (सीएसई) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इस तरह की घटनाओं से इस बार देश के कुल 32 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश प्रभावित हुए जबकि पिछले साल यह संख्या 27 थी। राजस्थान और महाराष्ट्र में प्रतिकूल मौसम के दिनों की अधिकतम संख्या 30-30 रही जबकि हिमाचल प्रदेश में 28 और बिहार एवं मध्य प्रदेश में 27-27 दिन प्रतिकूल रहे।

रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में पिछले वर्ष की समान अवधि में 25 प्रतिकूल दिन रहे थे जबकि इस साल यह संख्या घटकर 12 दिन रही। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी और अप्रैल 2022 के बीच, प्रतिकूल मौसम की घटनाओं के कारण 86 लोगों की मौत हुई और 30,000 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा।

इसके अनुसार 2022 में इसी अवधि के दौरान 35 दिनों की तुलना में इस बार 58 दिन आकाशीय बिजली गिरी और तूफान आए। इनमें से ज्यादातर घटनाएं मार्च और अप्रैल में हुईं। रिपोर्ट के अनुसार देश ने 2023 के पहले चार महीनों में पिछले साल के 40 दिनों की तुलना में सिर्फ 15 दिन गर्म हवाएं चली। भारत में 2022 में 365 दिनों में से 314 दिन प्रतिकूल मौसम के कारण घटनाएं हुई। इन घटनाओं में 3,026 लोगों की मौत हुई थी और 19.6 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा था।