मथुरा-वृंदावन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंदिरों के किए दर्शन, गोकुल में रसखान की समाधि देखी

मथुरा। ब्रज में दो दिन प्रवास पर आयी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को गोकुल स्थित रसखान की समाधि स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने यहां ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विजिटर बुक में समाधि के खूबसूरती की तारीफ करते हुए लिखा कि वे यहां दोबारा आना पसंद करेंगी। इस ऐतिहासिक स्थल के बारे में जाना। यहां करीब 20 मिनट रुकने के बाद राज्यपाल का काफिला वृंदावन के रमण रेती पहुंचा। वहां वह करीब 25 मिनट तक रहीं।

राज्यपाल सोमवार को उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्व विद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह में आईं थीं। समारोह के बाद उन्होंने शाम के वक्त विश्राम घाट पर यमुना का विधिविधान पूर्वक पूजन किया। इसके बाद आनंदी बेन पटेल ने पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर श्री द्वारिकाधीश के दर्शन किए। शाम सात बजे राज्यपाल आनंदी बेन पटेल वृंदावन के ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर में पहुंचीं।

राज्यपाल वीआईपी रोड से गोल्फ कार से मंदिर पहुंचीं। सिंह द्वार से श्रीबांकेबिहारी मंदिर में प्रवेश करने के बाद वीआईपी गैलरी में पहुंचकर उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर सेवायत गोस्वामियों ने आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया। सभी कार्यक्रम पूर्ण करने के बाद महामहिम लखनऊ राजभवन के लिये रवाना हो गयी।