मथुरा। चौबिया पाड़ा के माला गली निवासी अरविंद चतुर्वेदी भूरा के बेटे सीए अभिनय की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके निधन से चौबिया पाड़ा में शोक व्याप्त है। मृतक की एक पखवाड़ा पूर्व शादी हुयी थी। बताया जाता है कि 26 वर्षीय अभिनय पेशे से सीए थे और मुंबई में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने दोस्त की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अचानक पेट में दर्द उठने पर उन्हें रात में अमर अस्पताल में ले जाया गया। जिस समय अभिनय को अस्पताल ले जाया गया, उस समय अभिनय बोल रहे थे। अस्पताल में ड्रिप लगाकर जैसे ही इंजेक्शन लगाया गया, तभी अभिनय की मौत हो गई। अभिनय की मौत से परिवार ही नहीं, पूरे चौबिया पाड़े में शोक व्याप्त हो गया। अभिनय खुशमिजाज युवक थे। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और हरेक की आंखें नम थीं। बताया गया कि अस्पताल में अभिनय ने परिजनों से बातचीत की। ईसीजी भी उनका सामान्य आया। ड्रिप लगाने के बाद जैसे ही इंजेक्शन दिया, कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई। माला गली निवासी अरविंद चतुर्वेदी भूरा के बेटे सीए अभिनय चतुर्वेदी की दो फरवरी को शादी हुई थी। परिवार में खुशी का माहौल था। आज उनकी मौत होने से परिवार में ही नहीं आसपास के लोगों में भी दुख का माहौल है। आज उनका ध्रूव घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया ।