शंकर सेठ-जयन्ती लाला की पुत्रवधु प्रबल दावेदार, कैबिनेट मंत्री से जुडे तीन प्रत्याशियों के नाम चर्चा में
मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा-वृन्दावन का मेयर अनुसूचित जाति के बाद अब पिछडा वर्ग की महिला द्वारा सुशोभित करना पक्का हो गया है। नगर निगम मेयर की सीट के लिए अब जाट, यादव, सैनी, सविता आदि समाज के लोगों में दौड़ होगी। इसमें सबसे ज्यादा रोचक बात यह है कि दो बडे वैश्य व्यापारियों की पुत्र वधु भी जाट है, यदि इनमें से किसी को भी भाजपा अपनी टिकट से चुनाव लडाती है तो जाट समाज के साथ-साथ वैश्य समाज भी स्वाभाविक संतुष्ट हो जायेगा एक तरह से कहा जाये तो प्रदेश सरकार इस तरह एक तीर से दो निशाने लगाने में सफल हो सकती है।
शहर के धौली प्याऊ क्षेत्र नि. प्रसिद्ध बिल्डर्स शिव शंकर अग्रवाल के पुत्र भाजयुमो नेता श्याम सिंघल की धर्मपत्नी गुंजन जाट समाज से है। श्याम सिंघल लम्बे समय से मेयर की टिकट के लिए जोर आजमाइश में जुटे है। भाजपा महानगर संगठन के साथ-2 उनको संघ का भी बरदहस्त हासिल है। उन्होंने अपनी पत्नी की दावेदारी संगठन के समक्ष प्रस्तुत कर दी है। शंकर सेठ की वर्तमान समय में वैश्य समाज पर अच्छी खासी पकड बनी हुई हैै। शहर के बडे-बडे घरानों से उनका व्यक्तिगत सम्बन्ध चुनाव में काफी मददगार साबित होगा।
इनके अलावा कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण के खासमख़ास माने जाने वाले रामलीला सभा के सभापति जयन्ती अग्रवाल के पुत्र की धर्मपत्नी भी जाट है। चर्चा है कि उनकी ओर से भी टिकट की दावेदारी की जोयगी। सूत्र कहते है जयन्ती लाल स्वयं भी मेयर की टिकट के लिए ख्वाहिशमंद थे। कुला मिलाकर कहा जाये तो शंकर सेठ और जयन्ती लाला के हाथ अलाउद्दीन का चिराग लग सकता है। मेयर पद के ओबीसी के लिए आरक्षित होने की घोषणा के 24 घंटो के अन्दर दावेदारो की लिस्ट एक दर्जन तक पहुंच गयी है। प्रबल दावेदारों में भाजपा नेता भुवन भूषण लकी की पत्नी, नरेन्द्र सैनी की पत्नी, कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण की स्वयं की पुत्रवधु और भांजे मनोज फौजदार की पत्नी बबीता चौधरी, भाजपा नेता प्रभात चौधरी की पत्नी, भाजयुमो नेता भूपेन्द्र चौधरी की पत्नी, पूर्व सभासद गम्भीर सिंह गूर्जर की पुत्रवधु के नाम प्रकाश में आये है। भाजपा महानगर के महामंत्री प्रदीप गोस्वामी के अनुसार मेयर पद पर आरक्षण की घोषणा के पश्चात निकाय चुनाव की राजनीति चरम पर पहुंचने लगी है। संगठन पार्टी हाईकमान के आदेश अनुसार तैयारियों में जुट गया है।