देश की आन बान शान 100 फीट ऊंचा तिरंगा होलीगेट पर लहराया

14 लाख रुपए की लागत से नगर निगम ने कराया कार्य
मथुरा। शहर के हृदय स्थल होली गेट पर आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नगर निगम के सौजन्य से फहराया गया है। हवा में लहराते राष्ट्रीय ध्वज को देख बृजवासी रोमांचित राष्ट्रप्रेम से ओत प्रेत हो उठे है। होली गेट पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने में 14 लाख रुपए की लागत आई है। गणतंत्र दिवस बुधवार को प्रातः उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शेलजा कांत मिश्र और नगर आयुक्त अनुनय झा ने होली गेट पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान आम नागरिकों की भारी भीड़ लग गई और सभी ने तिरंगा को सलामी दी। ध्वज 20 फीट उचा 30 फीट लम्बा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह द्वारा राष्ट्रगान गाया गया। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया वृंदावन के गांधी पार्क में आने वाले 15 अगस्त को तिरंगा लगाने के कार्य को पूर्ण कर फहराया जायेगा।
व्यापारी नेता विशाल खुराना बॉबी भैया ने होली गेट पर नगर निगम द्वारा लगाए गए राष्ट्रीय ध्वज के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शहर के मुख्य चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज हर समय लहराते देख स्थानीय नागरिकों के अलावा बाहर से आने वाले तीर्थयात्री श्रद्धालुओं पर भी अच्छा खासा असर पड़ेगा।
नगर आयुक्त अनुनय झा का आम लोगो ने इस कार्य के प्रति आभार जताया ।
गणतंत्र दिवस की सुबह से ही हैरत मिश्रित खुशी के साथ नगरवासी तिरंगे का फोटो और सेल्फी लेने को आतुर नजर आये। होलीगेट की चारों दिशाओं में स्थित बाजारों के व्यवसायी भी इस उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे थे। इस अवसर पर होली दरवाजा व्यवसायी समिति एवं होलिकोत्सव समिति के अध्यक्ष तथा निगम पार्षद मदन मोहन श्रीवास्तव ने नगर निगम की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है और इस ध्वज के माध्यम से समस्त ब्रजवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में राष्ट्रभक्ति की भावना भी संचरित होती रहेगी। हर्ष जताने वालों में राजेंद्र मोहन राजा, राजकुमार वर्मा, विपिन महाबनियाँ, अशोक वार्ष्णेय, श्याम गुप्ता, मास्टर समशुद्दीन, गिरधारी लाल, त्रिलोकी नाथ कचौरी सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी आदि मौजूद रहे।