चुनाव में खलल डालने की आशंका पर 2.07 लाख लोगो के खिलाफ कार्यवाही , मथुरा में 27,126 लोग पाबन्द

मथुरा। यूपी विधानसभा चुनाव लेकर आगरा जोन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चुनाव में खलल डालने की आशंका पर दो लाख से ज्यादा लोगों को पाबंद किया है। इन लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। इनको नोटिस जारी किए जा रहे हैं। कार्रवाई अभी चल रही है। पुलिस पाबंद करने की कार्रवाई के बाद नोटिस तामील करा रही है। इनमें दस हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक में पाबंद किया जा रहा है। पाबंद किए गए लोग बवाल में शामिल मिलते हैं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। मुचलका राशि की भी वसूली की जाएगी। पुलिस ने आगरा में 57,363 मथुरा में 27,126 फिरोजाबाद में 20,839 मैनपुरी में 10,517अलीगढ़ में 36,224 एटा में 7,864 हाथरस में 18,705 कासगंज में 29,315 लोग पाबंद किये गए है।
आगरा जोन में विधानसभा चुनाव के दौरान व्यवधान डालने की आशंका पर 2 लाख 7 हजार 953 खुराफातियों को पुलिस ने अब तक पाबंद करने की कार्रवाई की है। आगरा में सबसे ज्यादा 57 हजार से अधिक पाबंद किए गए हैं। एटा में सबसे कम सात हजार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि चुनाव से पहले खुराफातियों और अपराधियों को चिह्नित करने की कार्रवाई चल रही है। ऑपरेशन पहचान एप में दस साल में किसी न किसी अपराध में जेल भेजे गए आरोपियों का डाटा है। पिछले चुनावों में बवाल करने वालों की सूची भी पुलिस ने बनाई है। इनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पहले बीट सिपाही को घर पर भेजा जा रहा है। वो देख रहे हैं कि आरोपी घर पर हैं या कहीं और रह रहा है। इसके बाद रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है। 2.07 लाख से अधिक लोग पाबंद कर दिए गए हैं।