मथुरा । संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी की चार चरणों की पदयात्रा का समापन मथुरा में करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने युवाओं के रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे को सबसे बड़ा सवाल बताते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश का सबसे ज्वलंत मुद्दा बेरोजगारी है। उन्होंने मांग रखते हुए कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को रोजगार दिया जाए। यदि सरकार रोजगार देने में सक्षम नहीं है तो युवाओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। इसके बदले युवाओं से प्रतिदिन दो घंटे का सरकारी कार्य लिया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ रही जाति और धर्म आधारित राजनीति पर भी निशाना साधा। कहा कि नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए और सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में लोगों के साथ जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता ने मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद पर भी संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि न्यायालय का फैसला सर्वोपरि होता है और जिस प्रकार राम मंदिर मामले में सभी समुदायों ने कोर्ट के निर्णय को स्वीकार किया उसी प्रकार इस मामले में भी जो निर्णय आएगा उसे सभी को मानना चाहिए।
पदयात्रा के अगले चरणों को लेकर संजय सिंह ने कहा कि आठ चरणों की इस यात्रा में चार चरण पूरे हो चुके हैं और शेष चार चरण जल्द पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के खिलाफ पार्टी लगातार जनआवाज उठाती रहेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से आगे बढ़ाया जाएगा।