कोरोना की तीसरी लहर में तेजी से दिखने लगे कंटेनमेंट जोन, संक्रमित व्यक्ति के घर के आगे लग रही है टीन

नगर निगम की टीम संक्रमण के प्रभाव को नियंत्रित करने में जुटी
मथुरा। तेजी से फैल रही कोरोना की तीसरी लहर का संक्रमण के चलते जनपद सहित शहरी क्षेत्र में मोहल्ला गलियों सड़कों पर संक्रमित व्यक्ति के घर पर टीन सेट जगह जगह लगी देखी जा रही है। नगर निगम की टीम सूचना मिलते ही पीड़ित व्यक्ति के घर पर बल्लियों पर टीन लगाकर कवर कर रही है। इसके अलावा कंटेनमेंट जोन में निगम की टीम बड़ी गाड़ियों और हैंड स्प्रे मशीनों से सैनिटाइजेशन का कार्य करने में जुटी हुई है। इस बार केवल घरों के गेट पर ही टीन लगाई जा रही हैं। नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा के अनुसार बस स्टैंड रेलवे स्टेशन प्रमुख बाजार रेन बसेरा पर प्रतिदिन 4 टैंकरों के माध्यम से सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 140 हैंड स्प्रे मशीनों से भी हॉटस्पॉट और तंग गलियों में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। सभी धार्मिक स्थलों पर निगम की टीम दर्शन खुलने के दौरान सैनिटाइजेशन कर रही है।

नगर निगम द्वारा नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय से प्राप्त सूची के अनुसार हॉटस्पॉट की सीलिंग का कार्य प्रतिदिन कराया जा रहा है। इसके उपरांत 140 हैंडस्प्रे मशीनों के माध्यम नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा हॉट स्पॉट में सैनिटाजेशन का कार्य कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त समस्त व्यवसायिक क्षेत्रों-पर्यटन स्थलों पर भी चार टैंकरों के माध्यम से सैनिटाइजेशन का कार्य सक्रिय रूप से कराया जा रहा है।
जन-सामान्य की जनजागरूकता हेतु पब्लिक एड्रस सिस्टम के माध्यम से कोरोना जागरूकता संदेशों का प्रसार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त डोर टू डोर कूड़ा कलैक्शन के 75 वाहनों के माध्यम से भी जागरूकता हेतु संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है।