डिफेंस कॉरिडोर को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री योगी ने BEL को सौंपा 75 हेक्टेयर भूमि आवंटन पत्र

लखनऊ । उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि का आवंटन पत्र भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज जैन को सौंपा गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर देश की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने BEL जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम के निवेश को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यह आवंटन रक्षा क्षेत्र में निवेश, तकनीकी नवाचार और रोजगार सृजन के नए अवसर खोलेगा। चित्रकूट नोड में इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उद्योगों के विकास के साथ युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
सरकार की इस पहल को आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो रक्षा उत्पादन में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर बेल के सीएमडी मनोज जैन यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक कुमार मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह तथा यूपी इन्वेस्ट एवं यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी आदि मौजूद रहे।