नगर निगम के सौजन्य से कल बीएसए इंजी. कॉलेज में होगा मुख्य मंत्री सामूहिक विवाह समारोह, बंधेंगे १०० जोड़े एक सूत्र में

मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। शासन के निर्देशों के क्रम में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा कल बीएसए कॉलेज प्रांगण में आयोजित किये जाने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। आयोजन की तैयारियों में युद्धस्तर पर जुटें निगम के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम को भव्य रूप दिये जाने के साथ ही समारोह के दौरान कोई खामी न रह जाए इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल का आज नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा निरीक्षण किया गया । उन्होंने बताया कि 100 जोड़ो में 6 मुस्लिम समाज से हैं। सभी के आने जाने की व्यवस्था और दावत साज सज्जा नगर निगम द्वारा कराई जा रही है।

समारोह को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा आयोजन स्थल का लगातार दौरा कर निगरानी रखी जा रही है। श्री झा के मुताबिक नगर निगम द्वारा पहली बार ऐसे समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यहां कोविड प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखा जाने के साथ ही साफ-सफाई आदि पर उनका पूरा फोकस है। समारोह शनिवार को पूर्वान्ह 11 बजे से प्रारंभ हो जायेगा। प्रत्येक जोड़े को शासन द्वारा 51 हजार रु की धनराशि दी जाएगी।