मथुरा, (राजपथ ब्यूरो/पुनीत शुक्ला) नए जिलाधिकारी नवनीत चहल ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से रूबरू होते हुए अपना परिचय दिया औऱ आगे अपनी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी है। पंजाब से इलेक्ट्रिकल में इंजीनियरिंग करने के बाद एमबीए की भी पढ़ाई की। इसके बाद चार्टर फाइनेंस के पद पर न्यूयॉर्क में काम भी किया। तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद देश सेवा की इच्छा हुई तो सिविल सर्विस के रूप में तैयारी की और 2011 बैच के आईएएस में चुने गए। इसके बाद बहराइच जिले में प्रशिक्षण लिया। एसडीएम मेरठ, सीडीओ मेरठ, सीडीओ झांसी के रूप में तैनाती मिली। फिर डीएम अमरोहा के रूप में पहली तैनाती मिली। इस जिले में डीएम के रूप में तीसरा कार्यकाल है।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता मुख्य रूप से अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित करना होगा। यमुना जी की स्वच्छता अभियान के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि वह स्वयं यमुना स्वच्छता अभियान की देखरेख करेंगे और यमुना जी को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाने की पूरी कोशिश करेंगे। बे-मौसम बरसात के कारण फसल की हुई बर्बादी को देखते हुए उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा निरीक्षण करवाने की बात भी कही। साथ ही जिले में होने वाले कार्यों को समय से पूर्ण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे जनपद में जनता की सेवा के लिए आए हैं और कोई भी उनसे मुलाकात कर अपनी परेशानी बता सकता है और वे पूर्ण रूप से उसकी सहायता करेंगे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.