हाई टेंशन की विघुत लाईन से लगा करंट, किशोर की मौत परिजनों ने किया हंगामा

मथुरा। सौख रोड़ स्थित निधिवन कॉलोनी में गुरुवार को हाई टेंशन की विघुत लाईन से करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। थाना हाईवे के मंडी चौराहे सौख रोड़ स्थित निधिवन कॉलोनी में गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे कल्लू का 17 वर्षीय पुत्र कैलाश उर्फ नंदी अपने घर की छत पर खड़ा था। छत के उपर से गुजर रही विघुत लाइन से उसका हाथ किसी तरह छुल गया जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी हुई वह उसे लेकर तत्काल इलाज के लिए निजी हॉस्पिटलों में लेकर भागे लेकिन सभी जगह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन विलाप करते हुए उसे घर ले आये जहां नंदी की मौत की खबर सुनते ही उसकी माँ और बहन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

वहीं कॉलोनी वासी भी इस हादसे को सुनकर स्तब्ध हो गए। सौंख रोड स्थित निधिवन कॉलोनी में हुए इस हादसे के बाद कैलाश के घर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हादसे के बाद कैलाश के परिजन सत्यपाल ने बताया कि कॉलोनी में सभी जगह विघुत लाइन काफी नीचे झूल रहे हैं। इसके बारे में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। घटना की सूचना पर थाना हाईवे प्रभारी अनुज कुमार और मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों को समझा बुझाकर पोस्टमॉर्टम के बाद कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। कॉलोनी वासियों का कहना है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल्द ही बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।