मथुरा में बाबा नाती की दुर्घटना में मौत, 5 घायल

प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा। रविवार को दो अलग अलग सड़क हादसों में बाबा- नाती की मौत हो गयी वहीं 5 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर थाना हाइवे क्षेत्र में आगरा दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरहोली पुल पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति और बच्चे की मौके पर मौत हो गयी। हादसे के बाद लोगों की मौके पर भीड़ लग गयी। आगरा साइड में जाम लग गया। हादसे में दोनो मृतको की काफी देर तक पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने जब शवों की तलाशी ली तो एक मोवाइल फोन
मिला जिस पर फोन करने पर पता चला कि मृतक थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित होली गली मोहल्ला गोपालपुरा का रहने वाला श्याम बिहारी है जो अपने नाती अनिकेत के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन ने उनको टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच परिजन भी आ गए। उनका करुण क्रंदन देख सभी की आंखे नम हो गई। बताया जाता है मृतक का कही मकान बन रहा है उसे देखकर घर वापस लौट रहे थे।

दूसरी घटना में थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी संख्या UP24AQ 7707 अनियंत्रित हो कर पलट गई। माइल स्टोन 83 पर नोयडा से आगरा की तरफ जा रही गाड़ी पलटने से कार सवार 5 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीर ने इसकी सूचना यमुना एक्सप्रेस वे कर्मियों और पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में कार सवार गौरव, अनिल सुष्मिता संजय चेतन निवासी दिल्ली तिमारपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।