मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में अधिकारियों द्वारा बृज रज उत्सव के अंतर्गत मथुरा जनपद की सभी पवित्र परिक्रमा लगाने का संकल्प लिया गया है जिसके अंतर्गत आज वृंदावन नगर की अधिकारियों ने विशिष्टजनों के साथ परिक्रमा की।
कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी पर संतो के सानिध्य में अधिकारियों ने नगर की पंच कोशीय परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वृंदावन स्थित प्राचीन सुदामा कुटी आश्रम से गौ सेवी सन्त सुदामा दास महाराज की प्रतिमा के पूजन के उपरांत राधे राधे के जयकारे से परिक्रमा शुरू हुई। हरिनाम संकीर्तन करते हुए सन्तजन परिक्रमा की अगुआई कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने जगह जगह अधिकारियों और संतो का पटुका ओढ़ाकर स्वागत किया। केशी घाट पर परिक्रमार्थियों द्वारा मां यमुना महारानी का विधिवत पूजन अर्चन किया। करीब तीन घण्टे के बाद परिक्रमा पुन: सुदामा कुटी पर सम्पन्न हुई। इस दौरान महन्त सुतीक्ष्णदास, महन्त हरिशंकर दास, महन्त अमरदास, महन्त रामस्वरूप दास के अलावा एमवीडीए के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, विशेष कार्यधिकारी क्रांति शेखर सिंह, उप कार्यपालक अधिकारी पंकज वर्मा, अभियंता दूधनाथ यादव, नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम श्याम सुंदर गौतम, सुभाष गौड़ आदि ने परिक्रमा लगाई ।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी आईएएस नगेन्द्र प्रताप के अनुसार 15 नवम्बर को गोवर्धन की, 16 को राधाकुण्ड की परिक्रमा क्षेत्रीय विधायक ठा. कारिन्दा सिंह के संयोजन में की जायेगी। वहीं 17 नवम्बर को नंद गांव की कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण सिंह तथा 19 नवम्बर को मथुरा की ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के निर्देश में की जायेगी। परिक्रमा लगाने का एक उद्देश्य एक ये भी है कि वास्तविक स्थिति से शासन-प्रशासन अवगत हो सके।