यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसा: मां-बेटे समेत पांच की मौत

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे के 71 माइल स्टोन थाना नौहझील क्षेत्र में एक बेकाबू बस डिवाइडर पारते हुए दूसरी साइड पर कार से टकरा गई जिससे कार सवार मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। बस चालक की जान भी चली गई और एक युवक घायल हुआ है। दुर्घटना बस चालक को नींद की झपकी के कारण हुई है। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे की एक साइड पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाया। इसके बाद जाम खुल सका। 

शुक्रवार की सुबह खाली बस थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 71 के समीप बस अचानक डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ पहुंच गई। उस तरफ आगरा से नोएडा की तरफ जा रही फोर्ड इंडीवर कार से बस टकरा गई। 
हादसा इतना भीषण था कि बस चालक और कार में चार लोगों की मौत मौके पर ही गई। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना नौहझील पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को एक्सप्रेस-वे कर्मियों की मदद से निकाला।

एसपी देहात श्रीशचंद के अनुसार बस के चालक को झपकी आने से बेकाबू हुई बस नोएडा से आगरा की साइड पर पहुंचकर कार से टकराकर पलट गई। कार में सवार चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों के नाम गौरव यादव पुत्र सतीश यादव निवासी अक्षय एन्केलव गोविंदपुरम गाजियाबाद गुड्डू उर्फ शिव सागर यादव पुत्र वेदप्रकाश यादव प्रेमलता पत्नी वेदप्रकाश यादवआर्यन पुत्र महेंद्र सिंह निवासी राधाकृष्ण एन्केलव, थाना मसूरी गाजियाबाद बलविंदर पुत्र हरजीत निवासी पठानकोट, पंजाब बताये जाते है जबकि निक्की उर्फ मोहनीश यादव पुत्र वेदप्रकाश यादव घायल हुआ है जिसे नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।