एडीजी कार्यालय में तैनात सिपाही के घर चोरी

दीपक गुप्ता
नौहझील। थाना क्षेत्र के गांव मुडलिया में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। गुरुवार की देर रात को चोरों ने एडीजी आगरा के कार्यालय में तैनात सिपाही के घर को निशाना बनाकर घर से लाइसेंसी बंदूक, कारतूस, लाखों रुपये के जेवरात सहित तीस हजार रुपये की नगदी चुरा ले गये। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस के साथ डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सहित क्षेत्राधिकारी मांट नीलेश मिश्रा भी पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गये तो वहीं क्षेत्र में घटना से सनसनी फैल गई।
जानकारी देते हुए एडीजी कार्यालय में तैनात सिपाही चरनसिंह पुत्र रामवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात घर पर वृद्ध माता-पिता सोये हुए थे तभी मध्य रात दीवार फांदकर घुसे अज्ञात चोरों ने अलमारियों का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान लाइसेंसी बंदूक, सौ कारतूस, एक दर्जन चांदी की पाजेब,10 चांदी के सिक्के,एक पेंडल,दो सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र व तीस हजार रुपये की नगदी पार कर दी। चोरी की घटना घटने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं चरन सिंह ने बताया कि पिता रिटायर हैडमास्टर हैं और दो भाई भी नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नौझील प्रदीप कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव ने बताया जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा टीम को अहम सुराग हाथ लगे हैं।