IND A vs SL A : वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में ठोक दी फिफ्टी , बना दिया वनडे क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

दांबुला । वैभव सूर्यवंशी ने भारत ए के लिए खेलते हुए महज 11 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज पचासा जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 15 साल के वैभव ने इस मैच में श्रीलंका ए के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और जब तक वह क्रीज पर रहे भारत ए का स्कोर मीटर तेजी से बढ़ता रहा। वैभव जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो भारत का प्रोजोक्टेड स्कोर 950 रन तक पहुंच गया था।

श्रीलंका ए ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ए के लिए वैभव के साथ प्रियांश आर्या बल्लेबाजी के लिए उतरे। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना शुरू किया। इस दौरान वैभव और प्रियांश दोनों को ही कई जीवनदान भी मिले, जिसका इन दोनों ने पूरा फायदा उठाया। वैभव और प्रियांश ने इतनी तेजी से बल्लेबाजी की जिससे भारत ए ने 50 रनों का आंकड़ा महज तीन ओवर में ही पार कर लिया। वैभव यहीं नहीं रुके और उन्होंने श्रीलंका ए के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वैभव शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन साहन आराचिघे की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। वैभव ने 29 गेंदों पर 10 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 94 रन बनाए। वैभव ने प्रियांश आर्या के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 53 गेंदों पर 132 रनों की साझेदारी की।

श्रीलंका ए के लिए मोहम्मद शिराज जब अपना दूसरा ओवर करने आए तो वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें काफी महंगा साबित किया। वैभव ने शिराज के इस ओवर से 26 रन जुटाए और 18 गेंदों पर ही भारत के 50 रनों का आंकड़ा पार करवाया। वैभव ने इस ओवर की शुरुआत चौके के साथ की। इसके बाद उन्होंने शिराज पर लगातार दो छक्के लगाए और अगली गेंद डॉट हुई। इसके बाद उन्होंने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और छठी गेंद को चौके के लिए भेजा। श्रीलंका ए की फील्डिंग भी इस दौरान खराब रही और उन्होंने वैभव को कई बार जीवनदान दिए।