मथुरा में नगर निगम ने प्रमुख बाजारों में साफ सफाई के लिए छेड़ा जन जागरण अभियान

मथुरा। शहर के बाजारों को साफ सुथरा रखने के लिए मथुरा वृंदावन नगर निगम और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने विशिष्ट व्यवसायियों के सहयोग से जन जागरूकता अभियान प्रारंभ किया है। शनिवार को इस जन जागरूक अभियान की शुरुआत कृष्णा नगर और भूतेश्वर तिराहे पर की गई जिसमें तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र और नगर आयुक्त अनुनय झा ने दुकानदारों को अपने अपने प्रतिष्ठानों के सामने साफ सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।

जन जागरूकता अभियान के दौरान प्रतिष्ठान के सामने गन्दगी पाये जाने पर स्वयं एवं सम्बन्धित प्रतिष्ठान मालिक से मौके पर सफाई करवाते हुये कचरे को डस्टबिन में डलवाया गया है। इसके अतिरिक्त जिन दुकानदारों द्वारा डस्टबिन नहीं रखे गये थे उन्हें डस्टबिन दिए गए । साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न किये जाने की अपील की गयी। जागरूकता अभियान के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान मालिकों ने अपनी दुकान के सामने कचरे को नाली में कर दिया है सभी प्रतिष्ठान मालिकों को अवगत कराया गया कि वह कचरे को इकट्ठा कर डस्टबिन अथवा नगर निगम की कूडा गाडी में डाले। नालियों में कूडा डालने से नाली जाम होने पर जल भराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
जागरूकता अभियान के दौरान देखा गया कि कृष्णानगर में पुलिस चौकी के पास फूड स्टॉल लगी हुयी थी जिनके आस-पास काफी गन्दगी व्याप्त थी। इस पर शैलजाकान्त मिश्र द्वारा स्टॉल संचालक को कहा गया कि वह अपने स्टॉल के आस-पास सफाई रखे, यदि भविष्य में गन्दगी पायी जाती है तो चालान तथा स्वच्छ भारत मिशन की गाइडलाइन के अन्तर्गत कार्यवाही की जायेगी।
जागरूकता अभियान के दौरान व्यापारी राजीव अग्रवाल बृजवासी विपिन सिंघल मुकेश सिंघल दुष्यन्त अग्रवाल पी.डी. खण्डेलवाल राजन अग्रवाल पिंकी अग्रवाल जगदीश चावला ब्रजभूषण कालरा किरन मित्तल पंकज मित्तल डा. पुनीत मंगला के अलावा कृष्णानगर व्यापार मण्डल के पदाधिकारी एवं पार्षद चन्दन आहूजा राजवीर सिंह प्रदीप अरोडा उपस्थित रहे।