मथुरा में बृजवासी रॉयल होटल, अतिथि पैलेस और सिल्वर स्टार के बार सहित 38 दुकानों के होंगे लाईसेंस निरस्त

अजय शर्मा

मथुरा। श्री कृष्ण जन्मस्थान से 10 वर्ग किलोमीटर के घेरे के समीप 22 वार्ड अब पूरी तरह से तीर्थ स्थल घोषित हो गए हैं। पूर्व में 22 वार्डों में से 16 वार्ड शत-प्रतिशत थे जबकि आधा दर्जन वार्ड में कुछ हिस्सा छूटा हुआ था लेकिन अब सभी वार्ड शत प्रतिशत कर दिए गए हैं। जिसके चलते 38 दुकान शराब, बियर, भांग के अलावा तीन बार बृजवासी रॉयल होटल, होटल अतिथि पैलेस एवं मसानी चौराहा स्थित सिल्वर स्टार बंद हो जाएंगे। सरकार को इनके बंद होने से वार्षिक राजस्व की 41 करोड़ की हानि होगी।

सबसे खास बात है कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई तीर्थ स्थल की घोषणा की कैबिनेट द्वारा मंजूर दी जानी है उसके पश्चात ही जिला प्रशासन कार्रवाई को अंजाम देगा। सूत्रों का कहना है कि आबकारी विभाग ने प्रस्ताव दिया है की वर्तमान सितम्बर माह तक सभी बार दुकानों को चलने दिया जाए ताकि उनका स्टॉक खत्म हो जाए और अग्रिम जमा फीस का निस्तारण हो सके।

श्री कृष्ण जन्मभूमि से 10 किमी दायरे में आने वाले सभी शराब, मांस, बार बंद होने की सूचना से आम जनमानस में उहापोह की स्थिति बन गई है। सभी लोग यह जानकारी करने की लगे रहे उनकी दुकान तो इस दायरे में नहीं आ गई है लेकिन आज आबकारी अधिकारी कुमार प्रभात ने स्पष्ट कर दिया है कि नगर निगम के जिन 22 वाडों की सूची जारी की गई थी उन वार्डों की शत-प्रतिशत शराब, मांस, बीयर बार की दुकानों एवं होटल के लाइसेंस निरस्त होंगे।

इन वार्डों में इस तरीके के 38 दुकाने, तीन रेस्टोरेंट बार आ रहे हैं। जनता की सुविधा हेतु कहा कि यह जान ले कि उनका व्यापार उक्त 22 वार्डों में है जो नगर निगम को टैक्स देते हैं उसने कौन सा वार्ड अंकित है अपने नगर निगम की रसीद देख कर स्पष्ट पता चल जाएगा कि उनकी दुकान उस वार्ड में आती है या नहीं घोषित वार्ड संख्या में 59, 50, 56, 68,45, 28,30, 04,20, 64,62, 54, 38, 27, 34, 18,31,17,32, 57, 47 और 33 कुल वार्ड 22 है इन 22 वार्डों में आने वाली शराब, मांस, बीयर, बार के सभी लाइसेंस निरस्त होंगे।

प्रतिबंध से पुनीत की हो गई लाखों की हानि
मथुरा। सिर मुड़ाते ओले पड़े वाली कहावत चरितार्थ हो गई जब एक शराब के बार को खोलने की प्रक्रिया अंतिम दौर में थी लेकिन शासन के आदेश के अनुसार बार खुलने से पहले ही बंद हो गया। इस वजह से बार स्वामी को लाखों रुपए का नुकसान होना तय है । राष्ट्रीय राजमार्ग पर राधिका विहार स्थित मोती मंजिल में पुनीत शर्मा ने लाखों रुपए खर्च कर बाऱ रेस्टोरेंट का निर्माण कराया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह बार एक अलग स्थान रखने वाला साबित होता। बार का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। लाइसेंस आने की देरी थी। वैसे मथुरा से लाइसेंस प्रक्रिया के सारे कागजात जिलाधिकारी दुवारा कुछ दिन पूर्व ही प्रयागराज भेजे गये थे। कुछ दिन में लाइसेंस आ भी जाता। शासन के आदेश ने सारी कार्रवाई पर पानी फेर दिया क्योंकि यह क्षेत्र भी उन 22 वार्डों में आता है जहां शराब बार पर बिक्री प्रतिबंधित की गई है।