मथुरा में अवैध निर्माणों पर प्रशासन मौन, कांग्रेस ने दी विकास प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी
मथुरा। मथुरा वृंदावन शहर में अवैध निर्माणों की बाढ़ थमने का नाम नहीं ले रही है। शहर के बीचों बीच धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी हैं और प्राधिकरण अधिकारियों की चुप्पी सवालों के घेरे में है। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा चिन्हित किए गए कई अवैध निर्माणों की लिखित शिकायत मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण को सौंपी गई थी लेकिन कार्रवाई के बजाय लापरवाही सामने आ रही है।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे मसानी चौराहा पुराना विद्युत कार्यालय अग्रसेन चौक बिग बाजार के सामने डीग गेट और केबीएम होटल के पास कमल नयन भाटिया द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य लगातार जारी हैं। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी द्वारा भी इन मामलों में तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए गए थे लेकिन जमीनी स्तर पर कोई असर नहीं दिख रहा है।
महानगर कांग्रेस कमेटी के नेता यतेंद्र मुकद्दम ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतों और आदेशों को नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा कि डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अवैध निर्माण खुलेआम जारी हैं जो प्रशासन की निष्क्रियता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुंचा रही है और व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और विकास प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि शहर की आस्था और व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ा जाएगा।