प्राधिकरण में चार दर्जन अभियंता – कर्मचारी अनुपस्थित मिले, कटेगा 1 दिन का वेतन

गोरखपुर। सोमवार को विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह द्वारा कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया गया जिसमें कई अवर अभियंता वरिष्ठ लिपिक सहित एक दर्जन बाबू स्वीपर चपरासी आदि करीब 4 दर्जन स्टाफ अनुपस्थित पाया गया। इन सभी का स्पष्टीकरण तलब करते हुए 1 दिन का वेतन काटने के आदेश किए गए है। उपाध्यक्ष द्वारा की गई चेकिंग से प्राधिकरण में हड़कंप मच गया है।

प्राधिकरण उपाध्यक्ष नियमित की भांति आज भी प्रातः 10 बजे कार्यालय पहुंच गए वहां उनको पता चला कि काफी संख्या में इंजीनियर और तृतीय चतुर्थ श्रेणी संवर्ग के काफी संख्या में कर्मचारी समय पर दफ्तर नहीं आते। 10:30 बजे करीब उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो पता चला कि 43 इंजीनियर कर्मचारी अनुपस्थित हैं। एक अवर अभियंता सैयद रफत मुईन लंबे समय से कार्यालय ही नहीं आ रहे जिस पर उनके खिलाफ उपाध्यक्ष ने शासन को निलंबन की संस्तुति की है।

उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह का मानना है कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि कर्मचारी अधिकारी नियत समय पर दफ्तर में आकर अपने पटल पर उपस्थित रहें ताकि आमजन की समस्या का निस्तारण ठीक प्रकार से हो सके । चेकिंग में 89 लोग उपस्थित मिले जबकि 43 अनुपस्थित मिले हैं । उन्होंने प्राधिकरण के समस्त स्टाफ को चेतावनी दी है कि वह भविष्य में दफ्तर खुलने के समय पर उपस्थित हो वरना कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जावेगी।

सूत्रों के अनुसार अवर अभियंता राम इकबाल सिंह सत्य प्रकाश चौधरी रामेश्वर दुबे वरिष्ठ लिपिक ब्रज भूषण उपाध्याय लिपिक मनीष तिवारी नित्यानंद शुक्ला प्रदीप कुमार श्रीवास्तव शशिकांत गुप्ता राम सिंह यादव सतीश चंद तिवारी श्रीमती उषा मिश्रा सरोज मिश्र इलियास अहमद उपेंद्र मिश्र अरुण कुमार सिंह इलेक्ट्रीशियन रामाश्रय मल सहित 17 चपरासी चपरासी पर सहायक विधि अधिकारी के खिलाफ अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जा रही है।