मथुरा। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए आरएसएस ने सेवा भारती के सहयोग से तैयारी शुरू कर दी है शुक्रवार को कल्याणम करोति के प्रांगण में लगे प्रशिक्षण कार्यशाला में 40 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में संघ के प्रांत प्रचारक डॉ हरीश ने कहा कि देश पर जब जब विपदा आयी है संघ के स्वयंसेवकों ने आगे बढ़कर अपने हाथ बढ़ाये हैं और सेवा कार्य किये हैं सम्पूर्ण कोविड काल में भी स्वयंसेवकों ने अनुकरणीय सेवा कार्य करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी ।
द्वितीय सत्र में डॉ डी पी गोयल ने स्वयंसेवकों को रोकथाम एवं बचाव के उपाय समझाए व सामान्य लक्षण वाले रोगियों के उपचार के बारे में भी प्रशिक्षित किया। डॉ गोयल ने इस रोग में बहुधा उपयोग में आने वाले चिकित्सीय उपकरण ऑक्सिमीटर, थर्मल स्कैनर, ऑक्सिजन कंसेंट्रेटर एवं सिलिंडर के सही उपयोग के बारे भी प्रशिक्षण दिया।
तीसरे सत्र में संघ के सह विभाग कार्यवाह डॉ संजय ने स्वयं सेवकों को नीचे बस्ती तक जाने की योजना के बारे में विस्तार से समझाया। समापन सत्र में बोलते हुए डॉ अमर सिंह पौनिया ने इस बीमारी में आने वाली जटिलताओं और उनसे निपटने के तरीकों पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में सेवा प्रमुख सुनील जगदीश धर्मपाल राजू सिंह बलराम शर्मा भाग प्रचारक अनिल आदि लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।