मथुरा। शहर के छत्ता बाजार क्षेत्र में हॉट मिक्स प्लांट से रातों-रात बनी डामर की सड़क के बारिश में क्षतिग्रस्त हो जाने पर नगर आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर आयुक्त अनुनय झा ने गुरुवार को इस प्रकरण में ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के आदेश देते हुए सहायक अभियंता और अवर अभियंता का स्पष्टीकरण तलब किया है।
जन्माष्टमी पर्व के दौरान होली गेट अंदर छत्ता बाजार से लेकर द्वारकाधीश मंदिर के समीप तक बनी डामर की डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क 2 दिन पड़ी मूसलाधार बारिश से 24 घंटे में ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। बारिश बंद होने के पश्चात लोगों ने देखा तो सड़क से काफी स्थानों पर डामर उखड़ गई जिसको लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए । सूत्रों का कहना है कि निर्माण की गई सड़क का ठेकेदार को कोई भुगतान नहीं किया गया है वह बारिश बंद होने के पश्चात पुनः सड़क का निर्माण कराएगा।